भोपाल। मध्यप्रदेश की सियासत में अक्टूबर का पहला हफ्ता बेहद अहम होने जा रहा है। 1 अक्टूबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और 3 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा तय हुआ है। दोनों नेताओं का फोकस भले अलग हो, लेकिन सियासी टारगेट ग्रामीण और आदिवासी वोट बैंक ही है।
जानकारी के अनुसार राहुल गांधी 1 अक्टूबर को बालाघाट के बैहर और बिरसा क्षेत्र का दौरा कर मृत आदिवासी बच्चों के परिजनों से मिलेंगे। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दौरे की पुष्टि की है। गौरतलब है कि बालाघाट में पिछले कुछ महीनों में बैगा और गोंड समुदाय के 30 से अधिक बच्चों की मौत का मामला सामने आया है, जिस पर हाईकोर्ट ने भी सरकार से जवाब मांगा है।
वहीं 3 अक्टूबर को अमित शाह भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। वे उज्जैन के 255 करोड़ के डेयरी प्लांट, भोपाल फर्मेंटेड प्रोडक्ट प्लांट का लोकार्पण और पश्चिमी बायपास का भूमिपूजन करेंगे। साथ ही दुग्ध संघों को बोनस वितरण और डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी देंगे।
सियासी जानकार इसे 2028 की तैयारी के तौर पर देख रहे हैं।


