नई दिल्ली || EVM को लेकर विपक्ष के लगातार सवालों के बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला है। उन्होंने सिलचर नगर निगम चुनाव के नतीजों का हवाला देकर कांग्रेस को घेरा है।
दरअसल, सिलचर नगर निगम चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने बड़ी जीत दर्ज की है। इस चुनाव की सबसे खास बात यह रही कि इसमें मतदान EVM से नहीं, बल्कि *बैलेट पेपर* के जरिए हुआ था।
चुनाव नतीजे आने के बाद सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस बैलेट पेपर से हुए चुनाव में भी हार जाती है। वास्तव में बैलेट पेपर पर कांग्रेस को और अधिक हार का सामना करना पड़ता है।”
सीएम सरमा का यह बयान सीधे तौर पर उन विपक्षी दलों पर निशाना है जो EVM की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करते रहे हैं। सिलचर के नतीजों ने बीजेपी को विपक्ष के इस तर्क का जवाब देने का मौका दे दिया है।
सिलचर नगर निगम चुनाव में NDA की इस जीत को असम में 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के लिए बड़े बूस्ट के तौर पर देखा जा रहा है।

