नोएडा (उत्तर प्रदेश) : नोएडा के सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर बुधवार शाम एक 16 वर्षीय छात्र ने मेट्रो ट्रेन के आगे छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस खौफनाक कदम के पीछे की जो कहानी सामने आई है, वह बेहद दर्दनाक है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आखिर क्यों उठाया छात्र ने यह आत्मघाती कदम?
सेक्टर-49 के थाना प्रभारी राम प्रकाश शर्मा ने बताया कि मृतक अमित शर्मा (16) सेक्टर-73 का निवासी था और 11वीं कक्षा में पढ़ता था। पुलिस की शुरुआती जांच में जो वजह सामने आई है, उसने सबको झकझोर कर रख दिया है।
दरअसल, कोरोना महामारी के दौरान अमित के पिता की नौकरी चली गई थी। इसके बाद से ही घर में आर्थिक तंगी को लेकर माता-पिता के बीच लगातार विवाद होने लगा। यह घरेलू कलह इस हद तक बढ़ गई कि दोनों अलग-अलग रहने लगे। माता-पिता के इस अलगाव से अमित गहरे तनाव में था। वह अपने पिता के साथ रह रहा था, लेकिन अंदर ही अंदर टूट चुका था।
मां ने की रो-रोकर शिनाख्त
मेट्रो स्टेशन पर हुई इस घटना के बाद पुलिस ने तुरंत परिजनों से संपर्क किया। थानेदार के मुताबिक, अमित की मां ने मौके पर पहुंचकर अपने जिगर के टुकड़े के शव की शिनाख्त की। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।


