Jan Samvad Express Digital
Breaking News
Breaking Newsअंतरराष्ट्रीयइंदौर संभागखंडवाधर्ममध्यप्रदेशराज्यराष्ट्रीय

Omkareshwar-Temple : मंदिर में प्रवेश को लेकर बवाल, श्रद्धालुओं-कर्मचारियों में मारपीट, वीडियो वायरल

ओंकारेश्वर/खंडवा, 24 मई। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग तीर्थ ओंकारेश्वर में रविवार शाम दर्शन व्यवस्था को लेकर बड़ा विवाद हो गया। झूला पुल से मंदिर में प्रवेश को लेकर दक्षिण भारत से आए श्रद्धालुओं और मंदिर कर्मचारियों के बीच कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की और मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला?

सुखदेव मुनि द्वार के चौड़ीकरण का काम चलने के कारण झूला पुल मार्ग को आम श्रद्धालुओं के लिए बंद किया गया है। फिलहाल इस रास्ते से केवल वीआईपी मूवमेंट की अनुमति है। रविवार शाम करीब 5:30 बजे दक्षिण भारत से आए कुछ श्रद्धालु प्रतिबंधित झूला पुल मार्ग से मंदिर में प्रवेश करने लगे। वहां तैनात लाल टी-शर्ट पहने कर्मचारियों ने उन्हें रोककर दूसरे मार्ग से जाने को कहा। इसी बात पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान धक्का-मुक्की हुई और एक कर्मचारी काउंटर पर गिर गया। इसके बाद अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों में झड़प हो गई। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कर्मचारी और श्रद्धालु एक-दूसरे से उलझ रहे हैं। मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अन्य श्रद्धालुओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

मंदिर प्रशासन का पक्ष..

मंदिर प्रशासन का कहना है कि गर्भगृह छोटा होने के कारण भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश और निकासी के अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ही विभिन्न स्थानों पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है। झूला पुल मार्ग निर्माण कार्य के चलते बंद है, जिसकी जानकारी जगह-जगह लगाई गई है

ट्रस्ट प्रबंधक ने क्या कहा…

मंदिर ट्रस्ट के प्रबंध ट्रस्टी राव पुष्पेंद्र सिंह ने कहा, “बाहर से आए कुछ श्रद्धालु प्रतिबंधित मार्ग से जबरन प्रवेश कर रहे थे। कर्मचारियों ने उन्हें रोका तो श्रद्धालुओं ने अभद्र व्यवहार किया और मारपीट पर उतर आए। एक कर्मचारी को धक्का देकर गिरा दिया गया। इसके बाद अन्य कर्मचारी अपने साथी को बचाने पहुंचे।” उन्होंने कहा, “हमारे कर्मचारियों को पहले से ही निर्देश हैं कि श्रद्धालुओं से नरमी और संयम से पेश आएं। इस घटना के बाद सभी कर्मचारियों को फिर से हिदायत दी गई है कि किसी भी स्थिति में संयम न खोएं। श्रद्धालुओं से भी अपील है कि मंदिर की व्यवस्था का पालन करें। निर्माण कार्य पूरा होते ही सभी मार्ग खोल दिए जाएंगे।”

पुलिस जांच शुरू…

फिलहाल पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मंदिर ट्रस्ट ने दोनों पक्षों से चर्चा कर मामले को सुलझाने की बात कही है। घटना के बाद से झूला पुल क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Related posts

सलमान खान पर हमला करने वाले को लारेंस देने वाला था 25 लाख

मध्यप्रदेश -छत्तीसगढ़ में जियो के 4 करोड़ से ज्यादा मोबाइल और ब्रॉडबैंड उपभोक्ता

Jansamvad Express Digital

भाईदूज के अवसर पर वक्त गुरु सन्त बाबा उमाकान्त जी महाराज की विश्व के जिम्मेदारों से अपील

Jansamvad Express Digital

Leave a Comment